• Thu. May 9th, 2024

सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद है चेरी, इसमें है कईं बीमारियों से लड़ने की शक्ति

चेरी को सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। चेरी फल खाने में स्वादिष्ट और पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें विटामिन, खनिज और प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है। चेरी में ताकतवर एंटीऑक्सिडेंट होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। चेरी खाने से पाचन तंत्र और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। आज आपको चेरी के 5 बड़े फायदों के बारे में बता रहे हैं।

चेरी में विटामिन C, पोटेशियम, फाइबर और अन्य पोषक तत्व होते हैं। हेल्थलाइन के प्रतिवेदन के अनुसार इस फल में एंटीऑक्सिडेंट और एंटीइंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं। ये सभी तत्व जीर्ण रोग के जोखिम को कम करते हैं। चेरी खाने से समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलता है। विटामिन C प्रतिरक्षा तंत्र को मजबूत बनाता है। चेरी खाने से रक्तचाप को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। त्वचा के स्वास्थ्य के लिए भी चेरी लाभदायक है।

चेरी जैसे पोषक तत्वों से भरपूर फलों का सेवन करना दिल की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। कई अध्ययनों से पता चलता है कि चेरी का सेवन करने से दिल की बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। चेरी में पोटेशियम और पॉलीफेनोल एंटीऑक्सिडेंट होता है, जो दिल को सेहतमंद रखने में मदद करता है। यह दिल की धड़कन को नियमित बनाए रखने के लिए आवश्यक है। चेरी आपके शरीर से अतिरिक्त सोडियम को हटाने में मदद करता है।

अपने शक्तिशाली एंटीइंफ्लेमेटरी प्रभाव के कारण चेरी फल, वात रोग और गठिया के लक्षणों को कम करता है। कई अध्ययनों से पता चलता है कि चेरी ऑक्सीकृत तनाव को रोकने और सूजन वाले प्रोटीन को दबाकर सूजन को कम करने में मदद करती है। चेरी आपके शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को कम कर सकता है, जिससे गठिया का खतरा कम हो जाता है। चेरी जोड़ों के दर्द से राहत दिलाने वाला फल है।

शोध से पता चलता है कि चेरी में एंटीइंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट यौगिक व्ययाम के बाद होने वाले मांसपेशियों के दर्द, मांसपेशियों की क्षति और सूजन से राहत दिलाने में मदद करता है। चेरी का रस मांसपेशियों की रिकवरी में तेजी लाने में मदद करता है। कुछ सबूत बताते हैं कि चेरी उत्पाद व्यायाम प्रदर्शन को बढ़ा सकते हैं। चेरी का सेवन करने से व्यायाम में सुधार होता है।

चेरी खाने या चेरी का रस पीने से आपकी नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है। चेरी में मेलाटोनिन होता है, जो सोने-जागने के चक्र को नियंत्रित करने में मदद करता है। एक अध्ययन से पता चला है कि जिन लोगों ने 7 दिनों तक टार्ट चेरी का रस पिया, उनमें नींद की अवधि और नींद की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। जिन बुजुर्गों को नींद न आने की समस्या है, वे चेरी का रस पिएं, तो काफी फायदा होगा।

आशीष ठाकुर – हिमाचल प्रदेश