• Fri. May 3rd, 2024

शरीर में पानी की कमी होने के 5 संकेत

जीवन के लिए पानी बहुत जरूरी है। पानी के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। गर्मियों में शरीर को हाईड्रेट रखना जरूरी है। पानी की ज्यादा कमी होने पर निर्जलीकरण जैसी समस्या का सामना करना पड़ता है। वेबएमडी में छपी एक खबर के मुताबिक, निर्जलीकरण, गर्मियों में होने वाली एक आम समस्या है। निर्जलीकरण के कारण दस्त और उल्टी तक हो जाती है। निर्जलीकरण होने पर शरीर कई तरह के संकेत देता है। आइए आज हम आपको बताते हैं कि शरीर में पानी की कमी होने पर क्या लक्षण दिखते हैं।

1.भूख-प्यास का बढ़ना: अगर आपकी भी अचानक भूख प्यास बढ़ गई है तो यह शरीर मे पानी की कमी के लक्षण हो सकते हैं। निर्जलीकरण होने पर एक बार पानी पीने के बावजूद बार-बार प्यास लगती है। इसके अलावा भूख भी बढ़ जाती है। अचानक भूख का बढ़ना और लगातार प्यास लगना शरीर में पानी की कमी के संकेत हैं।

2. थकान महसूस होना: शरीर में पानी की कमी होने पर थकान महसूस होने लगती है। पानी की कमी होने पर थकान, सिर में दर्द, कम रक्तचाप, घबराहट और ज्यादा नींद आने लगती है। यह निर्जलीकरण के संकेत हैं। इस स्थिति में भरपूर मात्रा में पानी पीना चाहिए।

3. मुंह से दुर्गंध आना: शरीर में पानी कि कमी होने पर मुंह से दुर्गंध आने लगती है। इस स्थिति में मुंह और गले में सूखापन आ जाता है, जिसके कारण सांस लेने में भी समस्या हो सकती है।

4. त्वचा पर सूखापन: शरीर में पानी की कमी होने से त्वचा  सूखने लगती है। इसके कारण त्वचा पर खुजली, रैशेज और होंठों पर पपड़ियां जम जाती हैं। अगर आपको भी यह समस्या होती है तो भरपूर मात्रा में पानी पिएं।

5.पेशाब से संबंधी समस्या: शरीर में पानी की कमी होने पर पेशाब संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पानी की कमी होने पर पेशाब का रंग गाढ़ा या पीला हो जाता है। निर्जलीकरण होने पर पेशाब की मात्रा भी कम हो जाती है। इससे जलन की समस्या भी आती है। अगर आपको ये लक्षण दिखें तो तुरंत पानी का ज्यादा सेवन करना शुरू कर दें।

आशीष ठाकुर – हिमाचल प्रदेश