• Sun. May 19th, 2024

इन तरीकों से जानें असली और नकली घी में फर्क

घी सेहत के लिए ही नहीं त्वचा और बालों के लिए भी काफ़ी फायदेमंद होता है। इसी के चलते ज्यादातर घरों में घी का इस्तेमाल काफी आम होता है। लेकिन अगर आप बाजार से देसी घी मंगवाते हैं तो ये नकली भी हो सकता है। जिसका इस्तेमाल आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में जरूरी है कि घी के असली और नकली होने की पहचान कर ली जाये।

बता दें कि मिलावट के इस दौर में देसी घी भी इससे अछूता नहीं है। असली घी के महंगे होने की वजह से बहुत से मुनाफाखोर व्यापारी इसमें वनस्पति घी, आलू, शकरकंद, हाइड्रोजनीकृत तेल या फिर नारियल तेल की मिलावट करते हैं। ऐसे में आप कुछ तरीकों की मदद से घी के असली-नकली होने की पहचान कर सकते हैं। तो आइये जानते हैं इन तरीकों के बारे में।

नमक की लें मदद
असली-नकली घी की पहचान करने में नमक आपकी मदद कर सकता है। इसके लिए किसी बर्तन में एक चम्मच घी लें। अब इसमें आधा चम्मच नमक और हाइड्रोक्लोरिक एसिड का मिश्रण करें। फिर लगभग बीस मिनट के लिए इसको ऐसे ही रख कर छोड़ दें। अगर इस दौरान घी का रंग बदल जाता है तो ये घी नकली है। जबकि असली घी का रंग बिल्कुल भी नही बदलता

पानी का करें इस्तेमाल
घी के शुद्ध और मिलावटी होने की पहचान करने के लिए पानी की मदद भी ले सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास पानी लें और इसमें एक चम्मच घी डाल दें। अगर घी पानी में ऊपर की ओर तैरने लगता है तो ये घी असली है। नकली घी पानी में तैरने की बजाय बर्तन में नीचे की ओर डूब जाता है।

हाथ पर रखकर चखें
घी की शुद्धता की जांच करने के लिए आप इसको हाथ की हथेलियों पर रखकर भी देख सकते हैं। इसके लिए आप थोड़ा सा घी लेकर इसको अपनी हथेली पर रखें और कुछ सेकेंड के लिए इंतजार करें। असली घी हथेली पर पिघलने लग जायेगा, जबकि नकली घी जैसे का तैसा बना रहेगा।

रंग से करें पहचान
घी का रंग देखकर भी आप इसके असली और नकली होने का अंदाज़ा लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक चम्मच घी किसी बर्तन में डालकर गैस पर गर्म करने के लिए रखें। अगर घी पिघलने पर इसका रंग हल्का सा भूरा दिखने लगे तो समझ लें कि ये असली है। नकली घी देर से पिघलेगा साथ ही इसका रंग पीला ही बना रहेगा।

आशीष ठाकुर – हिमाचल प्रदेश