• Fri. May 3rd, 2024

हिंदी भाषा को बढ़ाने की हुई पहल

न्यूयॉर्क: भारत गणराज्य ने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार करने के लिए एक कदम उठाया है। इसके अंतर्गत भारत ने संयुक्त राष्ट्र को 10 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 8.3 करोड़ रुपये) की सहायता प्रदान की है। संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने हिंदी को वैश्विक संगठन में अधिक से अधिक इस्तेमाल करने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक संचार विभाग की अवर महासचिव मेलिसा फ्लेमिंग को एक चेक प्रस्तुत किया।

रुचिरा कंबोज ने एक ट्वीट के माध्यम से बताया, “भाषाई समावेशिता में निवेश! हमने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी का प्रयोग विस्तारित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक संचार विभाग की अवर महासचिव मेलिसा फ्लेमिंग को दस लाख डॉलर का चेक प्रदान किया। हम यूएन में हिंदी@यूएन परियोजना के अंतर्गत हम आने वाली बाधाओं को तोड़ रहे हैं और सार्वजनिक पहुंच बढ़ा रहे हैं।” साथ ही कंबोज ने एक और ट्वीट में कहा कि यह संस्कृति, मूल्यों और मतों को सम्मिलित करने और समन्वय सुधारने का एक मौका है।

राजदूत कंबोज ने इस मौके पर कहा, हिंदी भाषा के माध्यम से समाचार और मल्टीमीडिया सामग्री को प्रमुखता और गुणवत्ता से प्रस्तुत करने के संयुक्त राष्ट्र के प्रयत्नों का भारत और हिंदी भाषी देशों में स्वागत किया गया है। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार संयुक्त राष्ट्र में हिंदी भाषा के प्रयोग को प्रोत्साहित करने का संकल्प लेकर खड़ी है। भारत संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर काम करने पर गर्व महसूस करता है।

हिंदी@यूएन परियोजना को वर्ष 2018 में संयुक्त राष्ट्र के सार्वजनिक सूचना विभाग के साथ मिलकर आरंभ किया गया था। इसकी दृष्टि हिंदी भाषा के माध्यम से संयुक्त राष्ट्र की जनता से जुड़ना और हिंदी भाषी लोगों को वैश्विक समस्याओं के प्रति अधिक संवेदनशील बनाना है।

यूएन हिंदी सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कुल 94,000 फॉलोअर्स के साथ हर साल करीब 1000 पोस्ट डालते हैं। हिंदी यूएन न्यूज वेबसाइट 13 लाख सालाना इंप्रेशन के साथ इंटरनेट सर्च इंजन में पहले दस में है।

अमन ठाकुर – हिमाचल प्रदेश