• Sat. Apr 27th, 2024

हिमाचल, जम्मू, लद्दाख में बादल फटने से हुआ भारी नुकसान

भारत के कही हिस्सों मे बादल फटने की खबरे सामने आईं हैं। हिमाचल, केंद्रशासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में बारिश के कारण आई बाढ़ से बुधवार को 16 लोगों की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक सुदूर गांव में बुधवार तड़के 4:30 बजे बादल फटने से सात लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हुए हैं। हिमाचल प्रदेश में अचानक आई बाढ़ में नौ लोगों की मौत हो गई, दो घायल हो गए और सात लापता हो गए। केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में कारगिल के विभिन्न क्षेत्रों में दो बादल फटने से एक लघु पनबिजली परियोजना, लगभग 12 मकान और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है।लाहौल-स्पीति में उदयपुर के तोजिंग नाले में आई बाढ़ में सात लोगों की मौत हो गई, दो घायल हो गए और तीन अभी भी लापता हैं, जबकि चंबा में दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिले में एक महिला, उसके बेटे, एक जलविद्युत परियोजना अधिकारी और दिल्ली के एक पर्यटक सहित चार लोगों के मारे जाने की आशंका है। मोख्ता ने बताया कि लाहौल के उदयपुर में मंगलवार रात करीब आठ बजे बादल फटने के कारण अचानक आई बाढ़ में मजदूरों के दो तम्बू और एक निजी जेसीबी मशीन बह गई। उदयपुर के तोजिंग नाले में अचानक आई बाढ़ में 12 मजदूर बह गए। मोख्ता ने कहा कि लाहौल-स्पीति में कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं जबकि लगभग 60 वाहन फंसे हैं। प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।अधिकारियों ने बताया कि दच्चन तहसील के होन्जर गांव में बादल फटने की जगह से लापता 14 से अधिक लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस, सेना और राज्य आपदा मोचन बल एसडीआरएफ द्वारा तलाशी एवं बचाव अभियान जारी है। बादल फटने से प्रभावित गांव किश्तवाड़ से सात शव बरामद किए गए, जबकि 17 अन्य को बचा लिया गया। जान गंवाने वालों में दो महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि 14 लापता लोगों का पता लगाया जा रहा है। बचाए गए पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि किश्तवाड़ जिले में बादल फटने की घटना से उत्पन्न स्थिति पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और डीजीपी दिलबाग सिंह से बात की और बादल फटने से पैदा हुए हालात का जायजा लिया।जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट किया बादल फटने की घटना में लोगों की जान जाने से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।

सतीश कुमार (ऑपेरशन हेड, साउथ इंडिया)