• Sat. Apr 27th, 2024

सूडान संघर्ष में हुई 16 लोगों की मौत

खार्तूम: सूडान गणराज्य के दारफुर में सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्स नामक अर्धसैनिक बलों के बीच शनिवार-रविवार की रात हुए संघर्ष में हिंसक मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने रॉकेट प्रक्षेपास्त्रों का प्रयोग किया गया। इसमें 16 मासूम लोगों की जान चली गई।

स्थानीय वकीलों के संघ का कहना है कि सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच शनिवार-रविवार की रात हुई मुठभेड़ का मुख्य स्थल दक्षिण दारफुर का न्याला था। पश्चिमी दारफुर में भी स्नाइपरों ने मासूमों पर गोलियां बरसाई हैं। इस हिंसा के कारण हजारों लोग पश्चिमी दारफुर से पलायन कर रहे हैं। कुछ लोगों ने पड़ोसी देश चाड गणतंत्र में पनाह मांगी है।

सूडानी सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच 15 अप्रैल को पहली बार संघर्ष हुआ था। तब से हिंसा में हजारों लोगों अपनी जानें गंवाई हैं। देश में खाने की कमी की समस्या और भी गंभीर हो गई है।

सूडान की सेना के प्रमुख अब्देल फतह अल-बुरहान और उनके सहायक, आरएसएफ के नेता मोहम्मद हमदान डागलो के समर्थक सैनिकों के बीच अप्रैल में हिंसा फूट पड़ी। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि देश पर काबिज होने की ललक में प्रतिस्पर्धी सेनापतियों का संघर्ष जारी है।

अमन ठाकुर – हिमाचल प्रदेश