• Sat. Apr 27th, 2024

अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान ने किया साझा युद्धाभ्यास

पिछले दिनों उत्तर कोरिया ने परमाणु हथियारों समेत कई मिसाइल परीक्षण किए, जिसे उकसाने का कारण माना गया। उसी का उत्तर देते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान अंतरराष्ट्रीय जल सीमा में मिसाइल रक्षा युद्धाभ्यास कर रहे हैं। यह युद्धाभ्यास मिसाइल के आक्रमण से बचाव पर केंद्रित है।

दक्षिण कोरिया, जापान और अमेरिका ने एक साझा बयान ने कहा था कि उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल हमले के खतरे को रोकने और जवाब देने के लिए मिसाइल रक्षा और पनडुब्बी रोधी अभ्यासों को सुव्यवस्थित करने पर विचार किया जा रहा है। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधियों के मध्य 13वीं रक्षा त्रिपक्षीय वार्ता शुक्रवार को हुई, जिसमें कोरियाई प्रायद्वीप और व्यापक क्षेत्र में सुरक्षा के माहौल की समीक्षा और सूचनाओं के आदान-प्रदान के साथ ही त्रिपक्षीय सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा की गई।

आपको बता दें कि पिछले दिनों ही उत्तर कोरिया ने अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया था। दागी गई मिसाइल कोरियाई प्रायद्वीप और जापान सागर के मध्य जाकर गिरी थी। यह परीक्षण इतना ताकतवर था कि जापान ने अपने होक्काइडो नामक द्वीप से देश के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दे दिए थे। हालांकि बाद में इन्हें सरकार ने वापस ले लिया। उत्तर कोरिया लगातार मिसाइल परीक्षण करता जा रहा है। मीडिया रिपोर्टस् की मानें तो उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने पिछले वर्ष 2022 से लेकर अब तक लगभग 100 मिसाइल परीक्षण कर दिए हैं, और इनमें से कई मिसाइलें परमाणु हथियार को ले जाने में सक्षम हैं।

उत्तर कोरिया के उकसावे से दक्षिण कोरिया और जापान काफ़ी नाराज़ हैं। उसके बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण के विरुद्ध में तो जापान ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाने के बारे में सोच रहा है। आपको बता दें कि यह कोई पहली बार नहीं है कि अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया साझा युद्धाभ्यास कर रहे हों किन्तु पहले भी समय-समय पर तीनों देशों ने युद्धाभ्यास कर अपनी सुरक्षा की तैयारियों को मज़बूत करते आए हैं।

अमन ठाकुर – हिमाचल प्रदेश