• Fri. Apr 26th, 2024

अब टीवी से होगी पढ़ाई, सीबीएसई लॉन्च करेगा अपना चैनल

पिछले कुछ सालों में भारतीय शिक्षा व्यवस्था में काफी बदलाव देखने को मिला है। नई शिक्षा नीति 2020 को लागू करने के लिए अब कौशल आधारित शिक्षा पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई को आसान बनाने की कोशिश भी की जा रही है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों को घर बैठे पढ़ाई करने का विकल्प उपलब्ध करवा रहा है।

शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, जुलाई 2023 में सीबीएसई का टीवी चैनल शुरू हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 2022 के बजट में, 200 टीवी चैनल शुरू करने की घोषणा की थी। इन शैक्षिक चैनलों को शुरू करने में, करीब 1000 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है। देश के किसी भी कोने में रहने वाला विद्यार्थी, इन शैक्षिक चैनलों पर उपलब्ध सामग्री के जरिए अपनी पढ़ाई कर सकता है।

हर बच्चे को मिलेगा समान शिक्षा का अधिकार
शिक्षा मंत्रालय के इन टीवी चैनलों से देश के हर बच्चे को समान शिक्षा हासिल हो पाएगी। शैक्षिक टीवी चैनलों के जरिए देश के सभी राज्यों के प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना और भी आसान हो जाएगा। अब ना सिर्फ इंटरनेट से, बल्कि टीवी, रेडियो व अन्य माध्यमों से भी शिक्षा पर जोर दिया जाएगा। देश में हर साल लाखों विद्यार्थी सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा देते हैं। इसलिए इन 200 शैक्षिक चैनलों में से, एक चैनल सीबीएसई बोर्ड का रहेगा।

हर परीक्षा का होगा मानचित्रण
भारत में कई केंद्रीय बोर्ड के अलावा, 60 से ज्यादा राज्य के बोर्ड भी हैं। उच्च शिक्षा विभाग अब हर परीक्षा का मानचित्रण करेगा। इसी के लिए एक कमेटी बनाई गई है। इससे यह तय करने में आसानी रहेगी कि, विद्यार्थी को बोर्ड परीक्षा व उसके बाद होने वाली हर प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने के लिए पूरा मौका मिल सके। सीबीएसई अध्यक्ष निधि छिब्बर ने कहा कि, कई बार परीक्षा की अतिव्यापी की वजह से विद्यार्थी परेशान हो जाते हैं।

आशीष ठाकुर – हिमाचल प्रदेश