• Fri. Apr 26th, 2024

दुष्कर्म पीड़िता ने की खुदकुशी:हिसार में केस दर्ज कराने के बाद भी गिरफ्तार नहीं हुआ आरोपी, महिला ने शर्मसार होकर फंदा लगाकर दी जान

Mar 19, 2021 Reporters24x7 ,

महिला को युवक जबरन उठाकर ले गया था और नशा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था, लेकिन पुलिस की वर्किंग से तंग आकर पीड़िता ने खुदकुशी कर ली।

  • महिला 4 जनवरी 2021 को घर से लापता हो गई थी, मिलने पर उसने किडनैपर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था
  • पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया था, लेकिन आरोपी खुले में घूम रहा था और पुलिस भी कार्रवाई में देरी कर रही थी

हरियाणा के हिसार जिले में 40 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता ने शर्मसार होकर जान दे दी है। गांव जुई कलां थाना क्षेत्र का मामला है। पीड़िता का अपहरण करके उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान दर्ज करके कार्रवाई की है और शव शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं मृतका के पति ने जुई कलां थाना पुलिस पर दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने में देरी करने का आरोप लगाते हुए न्याय मांगा है।

जानकारी के अनुसार, महिला 4 जनवरी 2021 को घर से लापता हो गई थी। पति ने गांव के ही युवक पर उसकी पत्नी को भगाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने महिला को बरामद कर लिया था, लेकिन उसने युवक पर नशा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया था, लेकिन आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया था। इससे परेशान होकर महिला ने गुरुवार को अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतका के पति का आरोप- आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर दी जान

मृतका के पति ने बताया कि जब वह बेटी को स्कूल छोड़ कर लौटा तो पत्नी को फंदे पर झूलता पाया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना जुई कलां थाना प्रभारी सुनील कुमार को दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। महिला के पति ने आरोप लगाया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने की वजह से उसकी पत्नी ने अपनी जान दी है। उसने दोनों मामलों में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

जुई कलां थाना भिवानी के SHO सुनील कुमार ने बताया कि मृतका के भाई के बयान दर्ज कराए हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि महिला के पति ने 4 जनवरी 2021 को जुई थाने में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसके बाद महिला को बरामद कर लिया गया था। पुलिस ने गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया था। पीड़ित परिवार को इस मामले में पूरा न्याय मिलेगा। मामले की जांच जारी है।