• Sun. May 5th, 2024

योगी सरकार में हो सकते है बड़े फेरबदल, अरविंद शर्मा को दी जा सकती है अहम जिम्मेदारी

प्रदेश में भाजपा सरकार और संगठन में फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंडलीय दौरों के बीच सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों से लेकर कई मंत्रियों के बदले जाने की खबरें तैरती रहीं। सोशल मीडिया पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को दिल्ली बुलाने की खबरें वायरल होती रहीं। इससे राजधानी में सियासी तापमान भी बढ़ गया। हालांकि देर शाम केशव ने खुद साफ किया कि वह लखनऊ में ही मौजूद है।
अटकलें लगाई जा रही हैं कि जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। कुछ मंत्रियों की या तो छुट्टी हो सकती है या पर कतरे जा सकते हैं। पिछले दिनों नौकरशाह से राजनेता बने पीएम नरेंद्र मोदी के करीबी अरविंद कुमार शर्मा की योगी से भेंट के बाद से सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पीएम ने वाराणसी में उनके कोरोना प्रबंधन की जिस तरह तारीफ की है, माना जा रहा है कि उन्हें मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।
भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व 2022 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सरकार और संगठन में फेरबदल करने के लिए मंथन कर रहा है। इसे लेकर नई दिल्ली में भाजपा व संघ नेताओं की रविवार बैठक भी हुई। सूत्रों की मानें तो अगले महीने संगठन व सरकार में फेरबदल हो सकता है।
सौरव कुमार