• Sun. Oct 19th, 2025

महाराष्ट्र: मुंबई का बीकेसी- सी लिंक फ्लाईओवर सोमवार से खुलेगा यातायात के लिए

मुंबई: बीकेसी- सी लिंक फ्लाईओवर सोमवार से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। एमएमआरडीए  द्वारा बनाए गए लगभग 715 मीटर के इस ओवरब्रिज का लोकार्पण मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे करेंगे। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के आयुक्त एस.वी.आर श्रीनिवास के अनुसार, बांद्रा वर्ली सी-लिंक से बीकेसी तक इस दूसरे आर्म ब्रिज का काम पूरा हो गया है।  यह काम जनवरी 2020 में शुरू किया गया था। इस सेकेंड आर्म फ्लाईओवर के मई अंत तक पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन कोरोना के चलते काम में कुछ देरी हुई।
सी लिंक-बीकेसी फ्लाईओवर का पहला हिस्सा फरवरी 2021 में ही शुरू कर दिया गया था। निर्माणाधीन तीसरा फ्लाईओवर  सायन धारावी लिंक रोड (फ्री लेफ्ट) से सी-लिंक की ओर 349 मीटर है। इसके भी नवंबर के अंत तक तैयार होने की उम्मीद है। तीसरे फ्लाईओवर सायन-धारावी लिंक रोड (फ्री लेफ्ट) से सीलिंक के काम का दायरा मेट्रो लाइन एकीकरण योजना के कारण कम हो गया है।

प्रतीक यादव, महाराष्ट्र।