• Thu. Apr 18th, 2024

रूसी कमांडर ने दी वैगनर समूह द्वारा सैन्य विद्रोह की चेतावनी

रुसी महासंघ की सेना के कमांडर इगोर गिरकिन ने रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विरुद्ध यूक्रेन में रूस की ओर से लड़ रहे वैगनर समूह द्वारा एक सैन्य विद्रोह की चेतावनी दी है। आपको बता दें कि वैगनर समूह रूस की एक निजी सेना है जो पैसों के बदले में लड़ती है। इसके प्रमुख येवेगेनी प्रिगोझिन ने हाल में यह धमकी दी है कि वह यूक्रेन के बाखमुत शहर से मोर्चे पर लड़ रहे अपने सैनिकों को पीछे हटा सकता है। इनका आरोप है कि युद्ध में लड़ रहे सैनिकों को रूस के राष्ट्रपति की ओर से कोई भी सहायता प्रदान नहीं की जा रही है।

रुसी सैन्य कमांडर ने दी यह चेतावनी

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस के कमांडर इगोर गिरकिन ने बताया कि प्रिगोझिन, रूस के रक्षा मंत्रालय की खुले रूप से निंदा कर चुके हैं। कमांडर ने कहा कि जैसे कि प्रिगोझिन बोल रहे हैं कि वह मोर्चे से अपने सैनिकों को हटा लेंगे, अगर वह आलाकमान से बात किए बिना ऐसा कदम उठाते हैं तो वह सीधे तौर पर सैन्य विद्रोह माना जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर प्रिगोझिन मोर्चे पर लड़ रहे अपने सैनिकों को हटा लेते हैं तो वह रूस की बर्बादी साबित हो सकता है। वैगनर समूह के प्रमुख सार्वजनिक तौर से रूस की सेना के नेतृत्व की निंदा कर रहे हैं।

व्लादिमीर पुतिन के करीबी रहे हैं वैगनर प्रमुख

आपको बता दें कि जिस वैगनर प्रमुख येवेगेनी प्रिगोझिन पर विद्रोह का इल्ज़ाम लग रहा है वह कभी पुतिन के महत्वपूर्ण आदमी रहे हैं। रूस के कट्टरपंथी लोगों में प्रिगोझिन अपनी कट्टर छवि को लेकर बेहद मशहूर रहे हैं। रूस-युक्रेन युद्ध को इतना लंबा खींचने के कारण भी राष्ट्रपति पुतिन को निंदा का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में प्रिगोझिन एक ताकतवर नेता के रूप में विकसित हो रहे हैं।

रूस और यूक्रेन के मध्य अब बाखमुत शहर में भीषण संघर्ष चल रहा है। वहां शुरु में बढ़त के पश्चात् रूस की सेना दुर्बल नज़र आ रही है। जमीन की लड़ाई पर यूक्रेन की सेना रूस की सेना पर भारी पड़ती दिख रही है परंतु रूस हवा के रास्ते हमले कर यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर बमबारी कर रहा है।

अमन ठाकुर – हिमाचल प्रदेश