• Sat. Apr 20th, 2024

सत्ता बचाने के लिए बीजेपी ने किया महामंथन, जेपी नड्डा ने अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ की मीटिंग

साल 2022 में भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी अभी से जुट गई है। दरअसल आज पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक की। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मीटिंग आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर हुई। इस मीटिंग में केंद्रीय योजनाओं और उनके क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।
जेपी नड्डा की अध्यक्षता में यह मीटिंग सुबह 11 बजे दिल्ली स्थित बीजेपी हेडक्वार्टर में शुरू हुई। यह मीटिंग ढाई घंटे से भी ज्या देर तक चली। इस मीटिंग में आने वाले चुनाव में पार्टी की रणनीति क्या होगी इस पर भी चर्चा हुई। इस मीटिंग में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारण, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, स्मृति ईरानी और किरन रिजिजू जैसे नेता शामिल हुए। भारत में अगले साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भाजपा का इन पांच राज्यों में से पंजाब को छोड़कर सभी राज्यों में शासन है।
भाजपा के इस मीटिंग में भी यही चर्चा की गई कि कैसे पार्टी इन राज्यों में अपनी सत्ता बनाए रख सकती है। इसके अलावा पंजाब में भी पार्टी को सत्ता में कैसे लाया जाए इस पर भी चर्चा हुई। आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा में मीटिंग का दौर लगातार चल रहा है। भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती उत्तर प्रदेश पेश करेगा। भाजपा ने यहां पिछले चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया था। पर हाल ही में यूपी में भाजपा के अंदर कलह की खबरें सामने आई है। ऐसे में यूपी में पार्टी के अंदर हुए मतभेद को खत्म करके पार्टी को फिर से सत्ता में वापस लाना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा। भाजपा का हालिया प्रदर्शन को देखे तो वह इतना खास नही रहा है। दरअसल भाजपा को पश्चिम बंगाल में टीएमसी के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में पार्टी का चुनाव के पहले मंथन करना जायज है।
सौरव कुमार