• Thu. Mar 28th, 2024

सूडान से 561 भारतीय सऊदी अरब पहुंचे, जेद्दाह से भारत होंगे एयरलिफ्ट

सूडान गणराज्य में 72 घंटे के संघर्ष विराम के बाद देश की राजधानी खार्तूम में और बाकी सूडान में भी संघर्ष चल रहा है। इस विराम के बीच पिछले 24 घंटो में 550 से भी अधिक भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इन सभी नागरिकों को सऊदी अरब के जेद्दाह लाया गया है। आपको बता दें कि सूडान में लगभग 4000 से भी अधिक भारतीय रहते हैं।

वहीं भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत प्रथम बैच में 278 भारत के नागरिकों को नौसेना के समुद्री जहाज आईएनएस सुमेधा द्वारा सूडान के बंदरगाह से सऊदी अरब के जेद्दाह पहुंचाया गया। इसके पश्चात् 148 और 135 भारत के नागरिकों को भारतीय वायु सेना के सी -130जे हवाई जहाज द्वारा जेद्दाह लाया गया। शीघ्र ही इन्हें भारत के लिए एयरलिफ्ट कर दिया जाएगा।

आपको बता दें कि सूडान गणराज्य में सत्ता पर कब्ज़ा जमाने के लिए सूडानी सेना और अर्धसैनिक बल (आरएसएफ) के मध्य 15 अप्रैल 2023 को संघर्ष आरंभ हुआ था। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के अनुसार, इस संघर्ष में अभी तक 459 लोगों और सेनिकों की मृत्यु हो चुकी है और 4072 लोग जख़्मी हुए हैं। सूडान में 72 घंटे का संघर्ष विराम 27 अप्रैल 2023 रात 12 बजे तक लागू हुआ है। इस दौरान बाकी देशों को अपने फंसे हुए नागरिकों को सूडान से निकालने का समय है।

अमन ठाकुर – हिमाचल प्रदेश