• Tue. Apr 23rd, 2024

बिहार में फिर बढ़ा लॉकडाउन, राज्य में 1 जून तक जारी रहेंगी पाबंदियां

May 24, 2021 Reporters24x7 ,

बिहार में 16 से 25 मई तक के लिए लागू लॉकडाउन को और 7 दिनों के लिए फिर बढ़ा दिया गया है। अब 1 जून तक बिहार में लॉकडाउन रहेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को स्वयं ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए 5 मई 2021 से तीन सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगाया गया था। आज फिर से सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई। लॉकडाउन का अच्छा प्रभाव पड़ा है और कोरोना संक्रमण में कमी दिख रही है।

इस वजह से बिहार में 25 मई के आगे एक सप्ताह के लिए अर्थात 1 जून, 2021 तक लॉकडाउन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा था कि लॉकडाउन में बिहारवासियों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। जनता गाइडलाइन का पालन कर रही है। इसी का नतीजा है कि अब मरीजों की संख्या में कुछ दिनों में कमी आ रही है।

मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों से अपील करते हुए कहा कि इसके पूर्व भी मैंने आपको संबोधित किया है। बिहार में कोरोना के बारे में जानकारी दी है। अब भी दुनिया और देशभर के अन्य लोगों की तरह बिहारवासी भी कोरोना से जूझ रहे हैं। बिहार में जांच की संख्या बढ़ाई जा रही है।

गांवों के लिए चलंत आरटीपीसीआर जांच वैन को रवाना किया गया है। इससे कोरोना में जांच की गति और बढ़ेगी। होम आइसोलेशन वाले मरीजों की ट्र्रैंकग ‘हिट कोविड नामक सॉफ्टवेयर’ से की जा रही है। इसमें स्वास्थ्य टीम नियमित घर-घर जाकर मरीजों का ऑक्सीजन लेवल व शरीर का तापमान जांचती है।

शिवानी सक्सेना, बिहार।