• Fri. Mar 29th, 2024

जानिए खीरे का ठंडा होने का रहस्य

अच्छी सेहत के लिए क्या खाना चाहिए यह हमेशा एक बड़ा सवाल रहता है। आहार विशेषज्ञ अलग-अलग समय और मौसम के मुताबिक तरह-तरह के खाद्य पदार्थ का उपयोग करने की सलाह देते हैं। गर्मी का मौसम चल रहा है और इस समय हमें ऐसे खाद्य पदार्थ की तलाश रहती है जिसकी तासीर ठंडी हो यानि ऐसी चीज जो हमारे शरीर को अंदर से ठंडा रखे। इस सूची में एक नाम प्रमुखता से लिया जाता है और वह है खीरा जिसे अंग्रेजी में कुकम्बर कहते हैं।

खीरा सलाद के रूप में बहुत प्रसिद्ध है। खीरे के बारे में यह कहा जाता है कि उसकी तासीर ठंडी होती है। माना जाता है कि यह शरीर को ठंडक देता है। लेकिन ऐसा क्यों है, क्या यह केवल शरीर को ठंडक पहुंचाता है या फिर आसपास के वातावरण की तुलना में ठंडा ही होता है।

खीरे के बारे में काफी बहस होती है कि आखिर यह फल है या सब्जी। दरअसल यह फल ही होता है, लेकिन इसका इस्तेमाल सलाद और सब्जी की तरह ज्यादा किया जाता है। इसकी सब्जी बहुत से लोग चाव से खाते हैं। खीरा (तरबूज, खरबूजा, कद्दू) जैसे फलों के परिवार का हिस्सा माना जाता है। भारत में यह अलग-अलग नामों से पुकारा जाता है और इसका व्यापक तौर पर उपयोग किया जाता है।

खीरे की खास बात यह है कि इसमें कैलोरी और वसा काफी कम होता है। जबकि इसमें बहुत ही अधिक मात्रा में पानी, विटामिन के, सी और बी होते हैं। साथ ही इसमें सोडियम, अमीनो एसिड, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, पोटेशियम, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस जैसे कई खनिज पाए जाते हैं जो शरीर के लिए काफी उपयोगी माने जाते हैं। इतनी सारी खूबीयां होने के कारण, कई रोगों के मरीजों को इसे खाने की सलाह दी जाती है और इसे सेहतमंद आहार में भी शामिल किया जाता है।

खीरे के अंदर पानी सहेज कर रखने की क्षमता होती है, जिसके कारण आसपास के वातावरण की तुलना में यह ठंडा होता है। यही वजह है कि गर्मी के मौसम में अच्छी सेहत के लिए खीरे को ज्यादा खाने की सलाह दी जाती है और इस मौसम में यह बहुत ही उपयोग में भी लाया जाता है।

खीरे को खाने के लिए सबसे अच्छा मौसम गर्मी का और सबसे अच्छा समय सुबह का बताया जाता है। जब भी शरीर को ठंडक की जरूरत हो तो उसके लिए खीरा फायदेमंद होता है। इसे सुबह खाने की सलाह इसलिए दी गई है, क्योंकि खाली पेट शरीर में गर्मी ज्यादा होती है और वैसे भी यह शरीर में पानी की कमी पूरी करता है और गर्मियों में शरीर को ठंडक देता है। अगर आप खीरे को अच्छी मात्रा में खाएं तो आपको कब्ज की समस्या कभी नहीं होगी।

आशीष ठाकुर – हिमाचल प्रदेश