• Fri. Apr 19th, 2024

लोजपा में टूट पर राजद ने कसा तंज कहा- अपने ही घर में आग लगा बैठे चिराग, जदयू बोली- तेजी में एक्सीडेंट हो गया

अभी यूपी में सियासी हलचल खत्म भी नही हुई थी कि बिहार में भी सियासी ड्रामे की शुरूआत हो गई है। बिहार में राजनीतिक ड्रामे की वजह बनी है लोक जनशक्ति पार्टी में हुई टूट। दरअसल पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिवंगत नेता रामविलास पासवान के छोटे भाई पशुपति पारस ने पांच सांसदो को लेकर पार्टी पर अपना अधिकार जता दिया है। पशुपति पारस के इस फैसले के बाद लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान अलग-थलग पड़ गए हैं। लोजपा में आए इस टूट पर विपक्षी पार्टी तंज कस रही है। आरजेडी ने बीजेपी और लोजपा दोनों पर तंज कसते हुए कहा कि घर के चिराग को घर ने ही आग लगा दी। वहीं जेडीयू ने इस टूट का जिम्मेदार चिराग पासवान को ही ठहराया।
जानकारी के अनुसार चिराग पासवान के चाचा सांसद पशुपति पारस और चचेरे भाई सांसद प्रिंस राज चिराग के काम करने के तरीके से खुश नही थे। पशुपति पारस बिहार विधानसभा से ही चिराग से नाराज थे। दरअसल चाचा पशुपति पारस को एनडीए से अलग होकर खासकर जदयू के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ने का चिराग का फैसला पंसद नही आया था। उसी वक्त से सांसद पशुपति पारस नाराज हैं।
आपको बता दें की बिहार में एनडीए की पिछली सरकार में सांसद पशुपति पारस बतौर मंत्री भी कार्य कर रहे थे। यह भी बताया जाता है कि सीएम नीतीश से उनके काफी अच्छे संबंध भी हैं। इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि चिराग पासवान पार्टी के अन्य सांसदो को ज्यादा तरजीह नही देते थे। इस कारण भी पार्टी में उनके खिलाफ विरोध के स्वर उठने लगे थे।
सौरव कुमार