• Fri. Mar 29th, 2024

आज नए मंत्रियों संग ताबड़तोड़ बैठक करेंगे पीएम मोदी

फेरबदल के बाद अब बैठकों का दौर चलने वाला है। नए मंत्रियों संग आज पीएम मोदी ताबड़तोड़ बैठक करने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंत्रीपरिषद के विस्तार और फेरबदल के एक दिन बाद आज यानी गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल और मंत्रीपरिषद की अलग-अलग बैठक होने की उम्मीद है। घटनाक्रम से वाकिफ जानकारों ने बताया कि आज बैक-टू-बैक केंद्रीय कैबिनेट और मंत्रीपरिषद की बैठकें होंगी।पीएम मोदी ने पिछले महीने मंत्रिपरिषद की बैठक की थी। उन्होंने बैठक के दौरान अपने मंत्रियों से ऐसा माहौल बनाने को कहा था, जहां लोग कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन करे और वैक्सीन ले। बता दें कि मोदी कैबिनेट के इस विस्तार में चुनावी राज्यों को खास ध्यान में रखा गया है। आज यानी गुरुवार की बैठक में कई उल्लेखनीय नाम गायब होंगे, जिनकी कैबिनेट फेरबदल से पहले छुट्टी कर दी गई है। कैबिनेट विस्तार के दौरान कई नए नाम शामिल किए गए, तो वहीं कई मंत्रियों के विभाग को बदला गया। बता दें कि 2019 में मोदी सरकार के दूसरी बार सत्ता में आने के बाद इस तरह की पहली कवायद हुई है।पीएम मोदी ने मनसुख मंडाविया को स्वास्थ्य मंत्री, किरेन रिजिजू को कानून मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री और ज्योतिरादित्य सिंधिया को नागरिक उड्डयन मंत्री बनाया है। इस कैबिनेट विस्तार और फेरबदल में 15 कैबिनेट मंत्रियों और कई राज्य मंत्रियों को शामिल किया गया।वर्तमान राज्यमंत्रियों को प्रमोट कर मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। आठ नए चेहरों को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक समारोह में मंत्रीपरिषद में शामिल किए गए सभी 43 सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सतीश कुमार (ऑपेरशन हेड साउथ इंडिया)