• Thu. Mar 28th, 2024

रूस में क्रेमलिन पर हुआ हमला, पूर्व राष्ट्रपति ने दे डाली धमकी

मॉस्को: रूसी महासंघ के राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास क्रेमलिन पर ड्रोन से आक्रमण के पश्चात् रूस बेहद नाराज़ है। रूस के पूर्व राष्ट्रपति रहे दिमित्री मेदवेदेव ने इस हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर ज़ेलेंस्की का कत्ल करने की धमकी दी है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी मेदवेदेव ने कहा कि आज के आतंकवादी हमले के पश्चात् हम लोगों के पास और कोई विकल्प मौजूद नहीं है, ज़ेलेंस्की को मरना ही पड़ेगा। आपको बता दें कि मेदवेदेव युक्रेन में चल रहे रूस के विशेष सैन्य ऑपरेशन या युद्ध के बाद से ही यूक्रेन का नेतृत्व कर रहे लोगों के विरुद्ध बहुत कठोर बयान देते आए हैं।

रुस ने यूक्रेन को ठहराया हमले का जिम्मेदार

आपको बता दें कि रूस ने बुधवार को इल्ज़ाम लगाया था कि कीव ने रुसी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास क्रेमलिन पर ड्रोन से आक्रमण किया है। हलांकि, इस आक्रमण में किसी के घायल होने या मृत्यु का समाचार नहीं है। जबकि, यूक्रेन ने रूस के आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि मॉस्को ने स्वयं ही इस आक्रमण का षड्यंत्र रचा है।

रुसी राष्ट्रपति आवास क्रेमलिन पर आक्रमण के पश्चात् रूस ने बयान जारी करते हुए कहा कि आज रात कीव की सरकार ने रूसी महासंघ के राष्ट्रपति के आवास क्रेमलिन पर ड्रोन से आक्रमण किया है। दो ड्रोन्स ने क्रेमलिन को निशाना बनाकर आक्रमण किया। हालांकि उस यंत्र को निष्क्रिय कर दिया गया है। रूस ने इल्ज़ाम लगाया कि इस आक्रमण के निशाने पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन थे।

रूस बदले में कर सकता है बड़ा आक्रमण 

उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) ने कहा है कि यूक्रेन के विरुद्ध जंग में रुसी महासंघ समुद्र के नीचे मौजूद तार को तबाह कर सकता है। आक्रमण के संदेह को देखते हुए नाटो ने समुद्र के नीचे मौजूद तारों की सुरक्षा को बढ़ा दिया है। आपको बता दें कि इन तारों के जरिए पश्चिमी देशों को तेल और गैस की ज़रूरी आपूर्ति होती है। ऐसे में यदि रूस समुद्र के नीचे मौजूद तारों को निशाना बनाता है तो इससे पश्चिमी देशों में रहने वाले लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है।

अमन ठाकुर – हिमाचल प्रदेश