• Fri. Mar 29th, 2024

एलन मस्क एक बार फिर बने संसार के सबसे धनी व्यक्ति

वॉशिंगटन: इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी “टेस्ला” के संस्थापक एलन मस्क ने फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़कर संसार के सबसे धनी व्यक्ति के स्थान को हासिल कर लिया है। पिछले पांच दिनों में टेस्ला का बाजार में शेयर 12.04% की वृद्धि कर 203.93 डॉलर पर पहुंच गया है जिसकी वजह से मस्क की नेटवर्थ बढ़ी है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक मस्क की कुल नेटवर्थ 192 अरब अमेरिकी डॉलर हो गई है। वहीं दुनिया के सबसे बड़े फैशन समूह लुई वितॉ मोएट हेनेसी के सीईओ बर्नार्ड अरनॉल्ट की नेटवर्थ 187 अरब अमेरिकी डॉलर है। ऑनलाइन शॉपिंग जाइंट अमेजन के मालिक जेफ बेजोस 144 अरब अमेरिकी डॉलर की नेटवर्थ के साथ तीसरे स्थान पर विराजमान हैं।

टेस्ला के शेयरों में तेजी के पश्चात् नवंबर 2021 में मस्क संसार के सबसे अमीर कारोबारी बन गए थे। उन्होंने अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस को पीछे छोड़ यह मुकाम पाया था। 5 नवंबर 2021 को मस्क की नेटवर्थ 338 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंव गई थी। उस समय टेस्ला के एक शेयर का मूल्य 400 डॉलर से भी अधिक था।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के शीर्ष 10 में एक भी भारतीय नहीं है। इस सूची में रिलायंस उद्योग के अध्यक्ष मुकेश धीरूभाई अंबानी 84.7 अरब अमेरिकी डॉलर की नेटवर्थ के साथ 13वें स्थान पर विराजमान हैं। वहीं गौतम अडाणी 61.3 अरब अमेरिकी डॉलर की नेटवर्थ के साथ 19वें स्थान पर विराजमान हैं।

अमन ठाकुर – हिमाचल प्रदेश