• Thu. Apr 25th, 2024

अखिलेश यादव ने कार्यालय पर साइकिल रैली का किया स्वागत, बोले सीमा लांघ रही सरकार

Mar 20, 2021

रामपुर से शुरू हुई साइकिल यात्रा का लखनऊ में सपा कार्यालय पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वागत किया और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है। उन्होंने कहा कि साइकिल यात्रा के दौरान सपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश दिखा ये बताता है कि 2022 में क्या होने जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार ने जितना काम पांच साल में किया उतना काम कोई सरकार नहीं कर पाई है। मुख्यमंत्री जी जहां बैठते हैं वो लोकभवन हमने बनवाया है। हम मेट्रो लेकर आए। वो बताएं कि आखिर उन्होंने किन शहरों में अपनी सरकार में मेट्रो सेवा शुरू की। जहां पर भी मेट्रो का काम शुरू हुआ वो सपा सरकार में किया गया था। उन्होंने कहा कि पूरे दम से पंचायत चुनाव लड़ेंगे और इसके बाद लगातार कार्यक्रम करते रहेंगे। भाजपा ने सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमे लगा दिए हैं। ये तानाशाही है। हमारे कार्यकर्ताओं पर 10 हजार मुकदमे दर्ज करवाए गए हैं 2022 में जनता इसका जवाब देगी। वहीं, किसानों को लेकर अखिलेश ने कहा सरकार किसान आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है पर किसानों को अब सरकार की असलियत पता चल गई है। उन्होंने कहा कि सरकार अब सीमाएं लांघ रही है। उन्हें पता ही नहीं है कि क्या करना है केंद्र व राज्य में दोनों ही जगह सरकार है पर किसान व युवा सब परेशान हैं।